साहिबाबाद। लिंकरोड थानाक्षेत्र के बृजविहार निवासी अधिवक्ता तेजेंद्र सिंह को रिफंड देने का झांसा देकर साइबर ठगों ने निशाना बनाया। उनके बैंक खाते से 78 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी एक जून 2024 को हुई। साइबर सेल से जांच के बाद रिपोर्ट लिंकरोड थाने भेजी गई। पुलिस ने 12 जुलाई की रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मुकदमे में पीड़ित ने बताया है कि एग्जिगो मोबाइल एप के माध्यम से उन्होंने एक जून को ट्रेन की टिकट बुक की थी। बैंक खाते से 1982 रुपये कट गए, लेकिन टिकट बुक नहीं हुआ। इस पर उन्होंने कस्टमर केयर पर कॉल की। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने उन्हें दूसरे नंबर से कॉल करने की बात कही। इसके बाद दोबारा पीड़ित को नए नंबर से फोन किया। जालसाज ने उसने कहां की टिकट, कब कराई, कितने रुपये कटे इन बातों में उलझाकर रखा। इस दौरान फोन हैक कर उनके खाथे से ठग ने दो बार में 78 हजार रुपये निकाल लिए। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन व पुलिस से की। साइबर सेल की जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि जिन खातों में रकम गई है, उनकी जानकारी बैंक से निकलवाई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।