गाजियाबाद। युवक और उनकी महिला दोस्त की मोबाइल नंबर से फर्जी प्रोफाइल बनाकर साइबर ठग ने एक-दूसरे को व्हाट्सएप पर मैसेज कर पैसों की मांग की। पीड़ित अलबीना खलील ने महिला मित्र के भेजे बैंक खाते में 38 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसी ठग ने अलबीना खलील की आईडी से महिला मित्र से इसी तरीके से 38 हजार रुपये पे-टीएम से ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित अलबीना खलील निवासी सिद्धार्थ विहार ने विजयनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
अलबीना खलील ने बताया कि 29 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर महिला मित्र मयूरी वार्ष्णेय के व्हाट्सएप से मैसेज आया। इसमें मयूरी ने 38 हजार रुपये की सख्त आवश्यकता बताई और पैसे ट्रांसफर करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी भेजा। अलबीना खलील ने बताया कि उसने महिला मित्र की डीपी और नंबर देखकर 38 हजार रुपये उनके बताए मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि उनकी अन्य महिला मित्र संगीता देवी ने बताया कि उनके पास भी मयूरी वार्ष्णेय के मोबाइल नंबर से इसी तरह का मैसेज आया था। व्हाट्सएप पर भेजे मोबाइल नंबर पर संगीता देवी ने भी 38 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ितों ने बताया कि वह दोनों ने 38-38 हजार रुपये रिषभ राज आर्यन नाम के पे-टीएम नंबर पर भेजे गए हैं। एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की जल्द पहचान कर ली जाएगी।