गाजियाबाद। क्राॅसिंग रिपब्लिक के गौर ग्लोबल विलेज सोसायटी निवासी अलंकार जौहरी से साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के नाम पर 12.60 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने इस ठगी की वारदात को नए अंदाज में अंजाम दिया है।डेटिंग एप पर दोस्त बनी एक युवती ने अलंकार को पहले शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने की बात कही। इसके बाद साथ में समय बिताने की बात कही। झांसे में आकर अलंकार ने रुपये निवेश कर दिए और ठगी के शिकार बन गए।
अलंकार जौहरी ने साइबर थाने में दी तहरीर में बताया कि 25 अगस्त 2024 को डेटिंग एप एम्योर पर अद्विका नाम की आईडी से युवती ने उनसे संपर्क किया। उसने अपना नाम साक्षी गौड़ बताया और चार-पांच दिन की दोस्ती में जिंदगी भर साथ निभाने की बातें व्हाट्सएप चैट और मोबाइल पर की। कुछ दिनों बाद युवती ने स्प्रेडेक्स ग्लोबल नाम की वेबसाइट पर अकाउंट बनाकर अलंकार को भेजा और शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने को कहा। अलंकार ने विरोध जताया तो युवती ने साथ समय बिताने का झांसा दिया।
इसके बाद अलंकार ने शुरू में 20 हजार रुपये निवेश किए। जिसके बाद युवती ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के तरीके बताने के लिए एक अन्य कॉलर से प्रशिक्षण भी दिलाया। युवती के कहने पर पीड़ित ने 12.60 लाख रुपये शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर दिए। मुनाफा और लागत के रुपये डी-मैट खाते से निकालने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। उन्होंने युवती से रुपये वापस मांगे तो उसने अपनी आईडी और फोन नंबर बंद कर लिए।
.....
तीन माह किया निवेश, चार माह तक इंतजार
अलंकार जौहरी ने युवती के प्रेमजाल में फंसकर शुमें 20 हजार रुपये अगस्त माह में ट्रांसफर किए। युवती उनके संपर्क में रही और बातों में उलझाकर अक्तूबर तक शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराया। साइबर ठगी होने की आशंका के बाद भी पीड़ित ने तीन माह तक युवती से संपर्क होने का इंतजार किया।
वर्जन
साइबर ठगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) धोखाधड़ी से संपत्ति हड़पना और (66डी) कंप्यूटर से संपत्ति ट्रांसफर करा लेने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी सूची लेकर जांच की जा रही है। - सच्चिदानंद, एडीसीपी अपराध