बस से कुचलकर युवक की मौत
स्याना। बस चालक की लापरवाही के चलते बीती रात एक युवक की टायर के नीचे कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी बस चालक भी शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बीती रात नया बांस मजरा साहनपुर निवासी कंछिद सिंह अपने भतीजे अमित कुमार (25) के साथ अपने परिवार में होने वाली शादी में सम्मलित होने आए थे। जब नया बांस बस स्टॉप पर बस चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा गया तो उसने गाड़ी नहीं रोकी। बस चालक अपनी बस को लेकर स्याना के बुलंदशहर स्टैंड पर आ गया। जब बस से कन्छिद सिंह उतरे तो उनका भतीजा अमित भी उतरा, इसी बीच बस चालक ने गाड़ी चला दी। इससे अमित की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। परिवार में घटना का पता चलते ही कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि बस चालक रामौतार शर्मा निवासी निखोब को रिलायंस पैट्रोल पंप के पास से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है।