कौशांबी। वैशाली स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में ग्राहक मित्र के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर मोहन नगर के अर्थला निवासी विकास चौधरी से 50 हजार की ठगी हो गई। ठगी का आरोप पीड़ित के परिचित साहिबाबाद क्षेत्र स्थित संजय कॉलोनी निवासी बिजेंद्र भारती पर है। मामला आठ अक्तूबर को सामने आया जब आरोपी के दिए फर्जी नियुक्त पत्र को लेकर पीड़ित बैंक शाखा में नियुक्ति लेने पहुंचा। बैंक प्रबंधक ने विकास चौधरी को बिठाकर पुलिस को बुलाया और पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं नौ अक्तूबर की रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मुकदमे में विकास चौधरी ने बताया कि वह काफी समय से बेरोजगार थे। इस दौरान उनके परिचित बिजेंद्र भारती ने एसबीआई में ग्राहक मित्र पद पर नौकरी लगवाने की बात कही। साथ ही 50 हजार रुपये भी ले लिए। कुछ दिन बाद मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल के जरिए किसी अन्य व्यक्ति से साक्षात्कार कराया। साथ ही ईमेल पर एक नियुक्ति पत्र भी भेजा और आठ अक्तूबर को वैशाली स्थित बैंक शाखा में जाने को कहा। जब वह वहां पहुंचे तब बैंक प्रबंधक ने उन्हें रोककर बिठा लिया और पुलिस को भी बुलाया। पूछताछ में उन्होंने नियुक्ति पत्र और साक्षात्कार की बात बताई। तब फर्जीवाड़ा सामने आया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित से पूछताछ के बाद आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक की छानबीन में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने चार-पांच अन्य लोगों को भी फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लाखों की ठगी की है। जल्द ही मामले का खुलासा कर गैंग में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।