साहिबाबाद। टीलामोड़ थानक्षेत्र के रिस्तल गांव में डेयरी कर्मी सुनील (42) की निर्मम हत्या करने के 48 घंटे बाद भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस जांच में तो जुटी रही, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिला। जिससे हत्यारोपी तक पहुंच सके। हालांकि पुलिस रंजिश के दृष्टिकोण से जांच कर रही है। घटनास्थल के आपस कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं मिला है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से वारदात मंगलवार रात 10 बजे से बुधवार तड़के सात बजे के बीच होने की बात सामने आई है।
सुनील करीब आठ वर्ष से रिस्तल निवासी सत्यप्रकाश की डेयरी में काम करते थे। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे सत्यप्रकाश को सुनील का खून से लथपथ क्षत-विछत शव मिला था। सुनील के शरीर पर हत्यारोपी ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या की थी। रिस्तल गांव की शुरूआत में ही सड़क के एक तरफ सत्यप्रकाश का घर और उसके पीछे ही डेयरी है। सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है। अब पुलिस डेयरी से आगे स्थित दुकानों और शराब के ठेकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि कुछ संदिग्धों को पुलिस ने चिह्नित किया है। पुलिस सत्यप्रकाश से पूछताछ कर रही है कि सुनील से कोई रंजिश तो नहीं मानता था। चूंकि जिस तरह निर्मम हत्या की गई है उसमें ज्यादा संदेह रंजिश का प्रतीत हो रहा है। हालांकि अन्य दृष्टिकोण पर जांच की जा रही है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।