गाजियाबाद में कोतवाली नगर पुलिस ने 400 करोड़ रुपये के बैंक लोन घोटाले मामले में लक्ष्य तंवर और अशोक कुमार की शालीमार गार्डन स्थित करीब एक करोड़ 50 लाख की संपत्ति को कुर्क किया है।
फर्जी कागजात लगाकर बैंक अधिकारियों से सांठगांठ कर 400 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में लक्ष्य तंवर समेत सात आरोपियों को जेल भेजा गया। इन पर गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई है। सभी मामलों में कुर्की के आदेश जारी हो चुके हैं। घंटाघर कोतवाली पुलिस द्वारा 25 दिसंबर 2021 को गैंगस्टर एक्ट में वरुण त्यागी के नाम संपत्ति को कुर्क करने के लिए रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई।
सात जनवरी 2022 को एडीएम सिटी विपिन कुमार ने रिपोर्ट के आधार पर कुर्की का आदेश जारी कर दिया। 13 फरवरी 2022 को जब पुलिस ने आरोपी वरुण को पकड़ा और वाहनों के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि उसके नाम पर दो गाड़ियां हैं, जबकि पुलिस की रिपोर्ट में पांच गाड़ियों का जिक्र था।
जांच की तो पता चला कि पुलिस ने दूसरे वरुण त्यागी की तीन गाड़ियों को आरोपी के नाम पर कुर्क कराने का आदेश करा लिया है। पुलिस का कहना है कि नाम और पिता के नाम एक होने की वजह से ऐसी गलती हो गई। वाहनों की कुर्की के आदेश की जानकारी जब मकनपुर निवासी वरुण को हुई तो वह घबरा गए।