बदहाल सड़क से होकर गुजरते राहगीर।
- फोटो : Amar Ujala
गाजियाबाद। सीएम के आदेश पर नगर निगम ने शहर की सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया है। 15 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में निगम 78.67 किलोमीटर लंबाई की सड़कों को गड्ढामुक्त करेगा। इस पर 4.65 करोड़ रुपये का फंड खर्च किया जाएगा।
निगम के निर्माण विभाग ने सभी जोन में गड्ढों वाली सड़कों का सर्वे कराया। सबसे ज्यादा गड्ढे विजय नगर और मोहन नगर जोन में हैं। निगम के सभी इंजीनियरों ने सर्वे रिपोर्ट चीफ इंजीनियर आरके मित्तल को सौंप दी है।
चीफ इंजीनियर ने बताया कि फिलहाल 78.67 किलोमीटर लंबाई की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम शुरू करा दिया है। बृहस्पतिवार तक 48 किलोमीटर लंबी सड़क गड्ढामुक्त करा ली गईं हैं।
उन्होंने बताया कि गड्ढामुक्त योजना पर 4.65 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इनके अलावा अन्य किसी सड़क पर गड्ढे मिले तो उन्हें भी योजना में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा कई सड़कों का पुनर्निर्माण अवस्थापना निधि से कराया जाएगा।