संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में हुई ट्रक चालक मनीष की हत्या के मामले में पुलिस 36 घंटे बीतने के बाद भी खाली हाथ है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
मनीष के साथ शराब पीने वाले युवकों ने हत्या की वारदात से इन्कार किया है। सह संबंध में रहने वाली महिला भी बार-बार बयान बदल रही है। पुलिस टीम की शक की सुई अब सह संबंध में रहने वाली महिला की ओर घूम गई है।
जनपद बागपत के गांव बिसौत में रहने वाले दीपक ने बताया कि उनके भाई की हत्या सह संबंध में रहने वाली महिला ने कराई है। हत्या के तुरंत बाद उसने नंदग्राम थाने में तहरीर दी। जबकि उन्होंने महिला पर ही शक जताया था।
पीड़ित का कहना है कि मंगलवार को वह थाने पहुंचे तो महिला को पूछताछ कर छोड़ दिया गया।
जब उन्होंने नामजद तहरीर दी तो पुलिसकर्मी उन्हीं से महिला का पता ठिकाना पूछने लगे। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय का दावा है कि कुछ संदिग्धों को उन्होंने हिरासत में लिया है, पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। रिपोर्ट आने पर हत्यारों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
वहीं, सह संबंध में रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ अज्ञात युवकों ने मनीष की हत्या कर दी है। हालांकि हत्या किसने की है इसके बारे में उसने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
मंगलवार को थाने पहुंचे स्वास्थ्य विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और मृतक के भाई दीपक का आरोप है कि महिला की उनके पति से बातचीत होती थी। शक जताया कि हत्या में महिला और उसके दो साथी शामिल हैं