मोदीनगर। साइबर अपराधियों ने नगर की श्रीनगर कॉलोनी निवासी चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार शर्मा के बैंक के दो अलग-अलग खातों से 32 लाख रुपये की रकम साफ कर दी। साइबर अपराधियों ने तीन दिन में 35 बार में खातों से रकम साफ कर ली। इस दौरान चिकित्सक को न कोई मैसेज मिला और न कोई ओटीपी आया। बैंक प्रबंधक के बताने पर चिकित्सक को खाते खाली होने का पता लगा। चिकित्सक ने बैंककर्मियों पर साइबर अपराधियों से मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
श्रीनगर कॉलोनी के रहने वाले डॉ. श्रवण कुमार शर्मा प्राइवेट चिकित्सक मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। डॉ. एसके शर्मा के उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की स्थानीय शाखा में बचत और चालू खाता है। डॉ. एसके शर्मा ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार शाम करीब 6 बजे शाखा प्रबंधक ने उनके दोनों खातों से 32 लाख रुपये की रकम निकालने की सूचना दी। जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधियों ने 17 से 19 फरवरी के बीच यूपीआई और आईएमपीएस के माध्यम से 35 बार में अलग-अलग खातों में कुल 32 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
शातिरों ने सबसे पहले 10 रुपये का ट्रांजेक्शन किया फिर एक बार में 21 लाख रुपये एक ट्रांसफर कर दिए। डॉ. एसके शर्मा ने बताया कि लगातार तीन दिन तक बैंक से रकम निकाली गई मगर उन्हें न तो इसका कोई मैसेज मिला और न कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने किसी को अपनी बैंक डिटेल शेयर की। डॉ. एसके शर्मा ने बैंककर्मियों पर अपराधियों से साठगांठ का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। डॉ. एसके शर्मा ने बताया कि वह अपनी पुत्री के विवाह के लिए रकम जमा कर रहे थे। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि मामला साइबर क्राइम को रेफर कर दिया गया है।