गाजियाबाद। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की खपत बढ़ती जा रही है, लेकिन नगर निगम इस मांग को पूरा नहीं कर पा रहा है। शहर में 30 से ज्यादा नलकूप लंबे समय से खराब हैं। ऐसे में शहर में पानी का संकट गहरा गया है।
निगम पुराने नलकूपों को ही सही नहीं करा पाया, अब और नलकूप भी खराब हो रहे हैं। बालूपुरा, कालका गढ़ी के चार दिन से खराब पड़े नलकूप सही न होने से कालोनियों में पानी के लिए हाहाकार मचा है।
कालोनी के लोगों की मानें तो बालूपुरा और कालका गढ़ी के दो नलकूपों से करीब दो हजार से ज्यादा घरों में पानी की आपूर्ति होती है। चार दिन से यह दोनों ही नलकूप खराब पड़े हैं। कई बार शिकायत करने पर नगर निगम ने कालका गढ़ी के नलकूप की रिपेयरिंग का काम शुरू कराया है, लेकिन बालूपुरा के नलकूप पर अभी भी काम शुरू नहीं हुआ है।
लोगों में पार्षद के प्रति भी गुस्सा है। स्थानीय निवासी सोनू आनंद का कहना है कि कालोनी की समस्याओं के प्रति पार्षद गंभीर नहीं हैं। बालपुरा निवासी रामपाल और देवेंद्र का कहना है कि ट्यूबवेल खराब होने की वजह से हैंडपंप से पानी भरकर घरों में ले जाना पड़ रहा है। खराब ट्यूबवेलों को अधिकतम दो दिन में ठीक कराया जाना चाहिए।