ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र के गांव मढ़ैया खुर्द निवासी गजेंद्र कुमार से शराब का जिला वितरक लाइसेंस दिलाने के नाम पर आरोपियों ने तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों से रुपये वापस लेने के लिए कई बार आग्रह किया तो आरोपियों ने उन्हें चेक दे दिए, जो बाउंस हो गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना नरसेना क्षेत्र के गांव ऊंचागांव के माजरा मढैया खुर्द निवासी गजेंद्र कुमार ने तहरीर देकर बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व गांव थाना गजरौला निवासी अशोक ने एचएस डिस्टिलरी के मालिक से मुलाकात कराई। जहां उनको शराब का जिला वितरक लाइसेंस दिलाने का वादा किया और सिक्योरटी फीस बताते हुए 30 लाख रुपये की मांग की।
जिसके बाद पीड़ित ने अपने पीएनबी बैक खाते से हुकम सिंह के एसबीआई बैंक नोएडा के खाते में तीन फरवरी 2024 को दस लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। फरवरी माह में ही अपने बैक खाते से दो बार में दस-दस लाख रुपये निकाल कर हुकम सिंह, अशोक और राजकुमार दे दिए। उन्होंने उसकी एवज में उन्हें चेक उपलब्ध करा दिए। लेकिन, मार्च 2024 में शराब का जिला वितरक लाइसेंस नही मिलने पर ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित और उनके पुत्र प्रमोद कुमार ने कई बार उनसे रुपये मांगे, लेकिन उन्होंने रकम वापस नहीं की। पीड़ित पिता-पुत्र रुपयों के लिए उनके चक्कर काट रहे हैं। लेकिन, तकादा करने पर उन्होंने अलग-अलग बैंकों के चेक दिए। लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने पर बैंक से चेक बाउंस हो गए। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर अशोक निवासी थाना गजरौला, राजकुमार कश्यप निवासी संजय नगर गाजियाबाद, हुकम सिंह निवासी छलेरा सेक्टर 44 गौतमबुद्धनगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।