जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तारीख घोषित होते ही जोड़-तोड़ और खरीद-फरोख्त का खेल तेज हो गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की गढ़ कोतवाली पुलिस ने सपा नेता की कार से 20 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार यह रकम जिला पंचायत सदस्यों की खरीद-फरोख्त के लिए ले जाई जा रही थी। हालांकि इनकम टैक्स की टीम भी मामले की जांच कर रही है।
वहीं सपा नेता का कहना है कि वह बैनामा कराने के लिए उक्त रकम लेकर गढ़ तहसील जा रहा था। सीओ पवन कुमार ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की सुबह सूचना के आधार पर पुरानी दिल्ली रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान हापुड़ की तरफ से आ रही एक कार को रुकवा कर चेकिंग की गई।
जिसमें सपा नेता और सिंभावली ब्लॉक के पूर्व प्रमुख कुंवरपाल यादव मौजूद थे। कार की तलाशी लेने पर उसमें 20 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। सपा नेता से पूछताछ की गई, लेकिन वह उस समय कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। टीम ने नकदी को कब्जे में ले लिया।
सीओ ने बताया कि सूचना के अनुसार उक्त रकम जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सदस्यों की खरीद-फरोख्त में प्रयोग की जानी थी। सपा नेता किसी जिला पंचायत सदस्य को देने के लिए रकम लेकर जा रहे थे। इसकी गहन जांच चल रही है।