गाजियाबाद। संपूर्ण समाधान दिवस पर तीनों तहसीलों में शनिवार को कुल 195 शिकायतें आईं। इसमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। तत्काल इसका निस्तारण करें। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने लोनी में सुनवाई की।
जिलाधिकारी अध्यक्षता में लोनी तहसील में हुई सुनवाई में कुल 52 शिकायतें आईं जिसमें से चार शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में आने वाली सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। जमीन के विवाद में अधिकारी मौके पर जाकर सत्यापन करने के बाद ही उसका निस्तारण करें।
सदर तहसील में कुल 37 शिकायतें आईं जिसमें से छह का मौके पर निस्तारण किया गया। राजनगर एक्सटेंशन के एससी सफायर सोसायटी में निष्पक्ष चुनाव कराने के संबंध में शिकायत रही। इसके अलावा आवासीय क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने, जमीन पर अवैध कब्जे सहित अन्य शिकायतें पहुंची।
एडिशनल कमिश्नर मेरठ अंबरीश बिंद की अध्यक्षता में मोदीनगर तहसील में 106 शिकायतों की सुनवाई हुई जिसमें से मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस दौरान एडीएम ई ज्योति मौर्या, आईएएस अयान जैन, एसडीएम मोदीनगर अजीत कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।