गेट की बजी घंटी, फिर लापता हो गई एक और किशोरी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर क्षेत्र निवासी एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए नगर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित मां ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह चांदपुर क्षेत्र में किराए के मकान में अपने बच्चों के साथ रहती है। शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद उनकी 15 वर्षीय पुत्री ने बाहर जाकर दरवाजा खोला, लेकिन वह वापस नहीं आई। पीड़ित मां ने जब बाहर जाकर देखा तो दरवाजा खुला हुआ था, और उसकी पुत्री गायब थी। पीड़िता ने बताया कि उसने नाते-रिश्तेदारियों में और बेटी की सहेलियों के यहां जाकर भी उसकी खोज की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़िता ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है, जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।
--------
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र से एक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। नगर के मोेहल्ला धमेड़ा अड्डा नई बस्ती निवासी पीड़ित महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री शुक्रवार दोपहर को घर पर ही मौजूद थी, दोपहर दो बजे संदिग्ध परिस्थितियों में वह घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। नाते-रिश्तेदारियों में भी काफी खोज की, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंची। पीड़ित परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति पर युवती को बहला-फुसला कर ले जाने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।