डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
जहांगीराबाद। गांव बुढ़ाना-मैथना के बीच एक डंपर दो बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने फरार डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव सरावा निवासी अशोक कुमार का पुत्र सचिन और गुलवीर सिंह का पुत्र मनीष रविवार शाम करीब चार बजे बाइक पर सवार होकर गांव आ रहे थे। इनके साथ दूसरी बाइक पर गांव का ही रंजीत का पुत्र मोहित सवार था। बुढ़ाना गांव से निकलते ही गांव मैथना के पास सामने से आए डंपर ने दोनों बाइकों में टक्कर मार दी और युवकों को कुचल दिया। सचिन (20) और मनीष (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। गुस्साए लोगों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोतवाली प्रभारी कुलवीर पंवार ने लोगों को समझाकर शांत किया। घटनास्थल पर पहुंचे दोनोें मृत युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतकोें में से एक के परिजन रामहरी की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक छात्र थे।