बहनों की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरे पुलिस अधिकारी
ेेगाजियाबाद। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बहनें खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंची तो पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी। एसएसपी के निर्देश पर सभी थानों के सिपाही, एसएचओ से लेकर एसपी तक ने अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एंटी रोमियो स्क्वाएड भीड़ भरे बाजारों में मौजूद रहे। शाम साढ़े पांच बजे से रात करीब 10 बजे तक यह अभियान चलाया गया।
रक्षाबंधन के मद्देनजर शनिवार को बाजारों में सुबह से ही भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। ऐसे में महिलाओं से छिनैती और छेड़छाड़ की घटनाओं की आशंका के चलते पुलिस ने भी विशेष चेकिंग की प्लानिंग कर ली थी। शाम करीब चार बजे एसएसपी वैभव कृष्ण ने शनिवार शाम वायरलेस सैट पर सभी एसएचओ, सीओ, एसपी को निर्देश दिए कि साढ़े पांच बजे से वह अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर उतरें। कविनगर और सिहानी गेट थाना क्षेत्र में सीओ सेकेंड आतिश कुमार सिंह, एसपी मॉर्डन कंट्रोल रूम मनीष मिश्र, एसएचओ संजय पांडेय ने चेकिंग कराई। विजयनगर और कोतवाली क्षेत्र में एसएचओ रामेश्वर कुमार व जयकरन सिंह और एएसपी मनीषा सिंह ने चेकिंग कराई। इसी तरह देहात क्षेत्र में सीओ मोदीनगर, सीओ लोनी और एसपी देहात अरविंद कुमार मौर्य भी चेकिंग के लिए सड़कों पर उतरे। एसएसपी ने बताया कि सभी मॉल्स, मल्टीप्लेक्स के अलावा तुराबनगर, राजनगर सेक्टर-10, घंटाघर, गांधी नगर, वैशाली सेक्टर-4, लाजपतनगर, शालीमार गार्डन, श्यामपार्क, वसुंधरा में भी चेकिंग कराई गई।