गन प्वाइंट पर डीजे संचालक को लूटा
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक में शुक्रवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक डीजे संचालक से पता पूछने के बहाने गन प्वाइंट पर लेकर अंगूठी, चेन और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने साहिबाबाद थाने में शिकायत दी है।
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक में नरेंद्र कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह डीजे संचालक हैं। नरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे वह घर से बाइक लेकर सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास आकर रुके। युवकों ने उनसे राजेंद्र नगर जाने का पता पूछा। इस दौरान उन्होंने युवकों को रास्ता भटकने की बात कही और सही रास्ता बताने लगे। तभी एक युवक ने उन पर तमंचा तान दिया और उनके साथ चलने को कहा। दोनों बदमाश उन्हें सुनसान रास्ते पर लेकर गए और उनसे सोने की अंगूठी, चेन और मोबाइल लूट लिया। उन्होंने विरोध किया तो बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। नरेंद्र ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई और कंट्रोल रूम को सूचना दी। एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बदमाश करना चाहते थे अगवा
पीड़ित नरेंद्र ने बताया कि लूट से पहले बदमाश उन्हें अगवा करने के लिए बातचीत कर रहे थे। उन्हें लगा कि बाइक पर अगवा किया तो पकड़े जाएंगे। इस पर आचानक अगवा करने की योजना रद्द कर दी और लूटपाट कर छोड़ दिया। पीड़ित ने बताया कि दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। भाषा से दोनों दिल्ली-एनसीआर के लग रहे थे। उनका कहना है कि पास से उन्होंने हेलमेट के शीशे से दोनों का चेहरा देखा था, अगर दोनों सामने आए तो उन्हें पहचान लेंगे।