प्रधान के पिता और भतीजे से सवा लाख रुपये लूटे
मोदीनगर। भोजपुर थाना क्षेत्र के मछरी गांव के प्रधान के पिता व भतीजे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर सवा लाख रुपये लूट लिए। घटना उस समय हुई जब प्रधान के पिता व भतीजा भोजपुर बैंक से रुपये निकाल कर घर लौट रहे थे। पीड़ित की ओर से दिए गए तहरीर पर भोजपुर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भोजपुर थाना क्षेत्र के मछरी गांव में शाहिद प्रधान हैं। उनके पिता लुत्फ अली सोमवार को पोते नदीम के साथ बाइक से भोजपुर स्थित सिंडिकेट बैंक रुपये निकालने गए थे। लुत्फ अली के अनुसार, उन्होंने बैंक से दो लाख रुपये निकाले। 78 हजार रुपये नदीम के पिता इमरान को बैंक में ही दे दिए थे। बाकी एक लाख 22 हजार रुपये नदीम को देकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हापुड रोड से मछरी रोड की तरफ मुडे़ बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछे से ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर नदीम से एक लाख 22 हजार रुपये और लुत्फ अली के पास पहले से जेब में पड़े 24 सौ रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और फरार हो गए। भोजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।