300 मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश धरे
गाजियाबाद। कविनगर थाना पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में 300 मोबाइल लूटने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 16 मोबाइल और दो चाकू बरामद हुए हैं। दोनों पर कई मुकदमे भी दर्ज हैं।
सीओ द्वितीय आतिश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की लाल कुआं के पास दो हथियारबंद बदमाश लूट करने जा रहे हैं। कविनगर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने टीम के साथ मिलकर दोनों आरोपियों को लाल कुआं पुल से पकड़ लिया। आरोपियों ने अपना नाम उमेश कुमार निवासी मोहल्ला चक्कर किमलक सिलि लाइन मुरादाबाद हाल पता पिलाना भट्ठा थाना सिंघावली अहीर बागपत, प्रदीप शर्मा निवासी न्यू फिल्म हॉल कस्बा व थाना कोणार्क पुरी जिला पुरी उड़ीसा हाल पता मंदिर वाली गली जयंतीपुरम मझौला बताया। पुलिस ने आरोपियों से 16 मोबाइल और दो चाकू बरामद किए हैं। बताया कि यह गैंग दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में बाइक व स्कूटी से घूमकर पैदल जाने वाले पुरुष-महिलाओं से मोबाइल, पर्स व नकदी लूट लेते हैं। विरोध करने पर चाकू दिखा देते हैं। बताया कि बाइक और स्कूटी भी चोरी करते हैं और उन्हें घटना करने के बाद कहीं भी छोड़कर चले जाते हैं। सीओ ने बताया कि आरोपी अब तक 300 से अधिक मोबाइल लूट चुके हैं। बताया कि सबसे ज्यादा मोबाइल उन्होंने राजस्थान में बालाजी मंदिर से लूटे और चोरी किए हैं। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी कर रही है।