तंदुरुस्त व्यक्ति को शिविर में बता दिया डायबिटीज
बुलंदशहर। यदि आप किसी शिविर में अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच कराना चाहते हैं तो सावधान हो जाएं। दो दिन पूर्व जिला अस्पताल में लगे स्वास्थ्य शिविर में शुगर की जांच ने कई लोगों की नींद उड़ा दी है। शिविर में जांच के बाद लोगों में डायबिटीज की पुष्टि की गई। जबकि, लैब में जांच में व्यक्ति तंदुरुस्त निकला। मामले में सीएओ ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
बता दें कि वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे पर जिला अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। इस दौरान विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच की गई। जिसमें ग्लूको मीटर से स्ट्रिप द्वारा लोगों की डायबिटीज की भी जांच की गई। स्ट्रिप द्वारा हुई जांच में स्वस्थ लोगों को डायबिटीज बता दिया गया। सलेमपुर निवासी युवक पप्पू सिंह ने बताया कि शिविर में उसे डायबिटीज की मात्रा 175 बताई गई। जबकि अस्पताल की लैब व अस्पताल से बाहर एक निजी लैब पर जांच के दौरान डायबिटीज की पुष्टि नहीं हुई। ऐसी ही समस्या करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों में देखने को मिली। मामले की शिकायत जब लोगों ने स्वास्थ्य अफसरों से की तो वे संतोष जनक जवाब नहीं दे सके। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि एनसीडी विभाग द्वारा 17 मई को शिविर लगाया गया था। शिविरों में डायबिटीज की ग्लूकोमीटर से भी जांच की जाती है। मामले में अब तक किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।