मुफ्त होंगी कई स्वास्थ्य जांच
राजनगर में सुबह सात से 11 बजे तक चलेगा कार्यक्रम
योग-एरोबिक्स के साथ सीपीआर प्रशिक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां भी होंगी
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से 15 नवंबर को राजनगर में राहगिरी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शहरवासियों को मधुमेह समेत कई बीमारियों की निःशुल्क जांच कराने का मौका मिलेगा। रेटिना, नसों और शुगर की जांच के साथ लिवर, हड्डियों, दांत और त्वचा की भी जांच की जाएगी। कार्यक्रम सुबह सात से 11 बजे तक सेंट्रल पार्क के सामने वाली सड़क पर होगा।
आईएमए प्रवक्ता डॉक्टर नवनीत वर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी और चिकित्सकों की टीम भी शामिल होगी। इसका उद्देश्य लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। पिछले वर्ष पहली बार विश्व मधुमेह दिवस पर राहगिरी कार्यक्रम शुरू किया गया था। लोगों की अच्छी भागीदारी और उत्साह को देखते हुए इस बार भी इसे बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
सांंस्था की आगामी अध्यक्ष डॉ अर्चना शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मधुमेह की पहचान और उससे होने वाली जटिलताओं की जांच के लिए रेटिना परीक्षण, वीपीटी (न्यूरोपैथी जांच) और एचबीए1सी टेस्ट की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी), लिवर की जांच के लिए फाइब्रोस्कैन, दांतों और त्वचा की जांच भी निःशुल्क की जाएगी।
सीपीआर प्रशिक्षण के साथ योग और जुंबा भी
आईएमए की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. प्रहलाद चावला ने बताया कि स्वास्थ्य जांच के अलावा लोगों को आपातकालीन स्थिति में जीवन बचाने के लिए सीपीआर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। महिलाओं को ब्रेस्ट सेल्फ चेकअप के प्रति जागरूक किया जाएगा। मानसिक स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवन पर विशेष सत्र भी होगा। वहीं, लोगों को फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने के लिए योग, जुंबा, एरोबिक्स, स्किपिंग और हुला हूप का आयोजन किया जाएगा।
सचिव डॉक्टर राजीव त्यागी ने बताया कि जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक और फ्लैश मॉब प्रस्तुत किए जाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए मधुमेह विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता, मनोरंजक खेल और नृत्य गतिविधियां भी रखी गई हैं। इस पहल की शुरुआत और उसे सफल बनाने में योगदान के लिए आईएमए की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल का विशेष आभार जताया। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और अन्य गतिविधियों का लाभ उठाने की अपील की।