नोएडा के लिए महत्वपूर्ण
-----------------------------
बैंक लोन घोटाले के आरोपी सीए ने किया सरेंडर
सबहेड
सीबीआई विशेष कोर्ट ने जमानत अर्जी खारिज कर भेजा डासना जेल
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियबाद। नोएडा के यूनियन बैंक की शाखा में हुए लोन घोटाले के आरोपी सीए ने बुधवार को सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने के साथ ही आरोपी के अधिवक्ता ने उसकी जमानत अर्जी कोर्ट में दाखिल की। सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने अर्जी को खारिज करते हुए आरोपी को डासना जेल भेज दिया।
सीबीआई के वरिष्ठ लोक अभियोजक बीके सिंह ने बताया कि यूनियन बैंक की नोएडा शाखा में लोन के नाम पर हुए घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई इस मामले में अपनी चार्जशीट भी कोर्ट में पेश कर चुकी है। घोटाले में शामिल आरोपी सीए सुरेंद्र मोहन शुक्ला काफी समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने सुप्रीम कोर्ट में भी अर्जी लगाई थी।
लोक अभियोजक ने बताया कि 13 अप्रैल को अर्जी का निस्तारण करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को गाजियाबाद सीबीआई कोर्ट में एक सप्ताह के अंदर पेश होने का आदेश दिया था। ऐसे में आरोपी को 20 अप्रैल तक कोर्ट में सरेंडर करना था, मगर उसने नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गई अवधि के समाप्त होने के भी छठे दिन आरोपी बुधवार को अपने अधिवक्ता के साथ कोर्ट पहुंचा और सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में उसे डासना जेल भेज दिया है।