विवाहिता की मौत, गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट
गाजियाबाद। संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव हास्पिटल में मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट कविनगर थाने में दर्ज कराई है।
भंगेल बेगमपुर नोएडा फेस-2 निवासी संजय शर्मा ने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्होंने 27 फरवरी 2017 को पुत्री पिंकी की शादी हैप्पी शर्मा निवासी ग्राम पोस्ट सदरपुर गाजियाबाद से की थी। उनका आरोप है कि शादी में दिए गए देज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह लगातार रुपये की मांग कर रहे थे। बीच-बीच में भी उनको एक लाख, कभी दो लाख रुपये दिए गए ताकि बेटी को परेशान न किया जाए। बताया गया कि एक साल पहले पिंकी ने बच्ची को जन्म दिया। उसकी नामकरण के दौरान भी काफी खर्चा किया गया। उसके बाद भी ससुराली खुश नहीं हुए। ससुरालियों ने बृहस्पतिवार रात 10:40 बजे सूचना की दी कि आपकी बेटी ने आत्महत्या करने की कोशिश की है। अस्पताल में पहुंचे तो पिंकी मृत अवस्था में थी। संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने सही जानकारी नहीं दी। पति हैप्पी शर्मा, ससुर सत्यप्रकाश, देवर मन्नू, सास ऊषा निवासी ग्राम व पोस्ट सदरपुर थाना कविनगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेटी की खुशी के लिए हर बार दिए रुपये
पिता संजय शर्मा ने बताया कि बेटी के खुशी के लिए वह सब किया, जो उसने कहा। जब-जब उसने रुपयों की मांग की, तो हर बार कुछ न कुछ रुपये दिए। जिससे आरोपी बेटी को खुश रख सकें, लेकिन वह इतना कुछ करने के बाद भी खुश नहीं हुए। उनकी हर मांग को पूरी करने की कोशिश की गई। हर वार उनकी मांग बढ़ती ही रही। उनके मांगने की भूख नहीं भरी। यही कारण रहा कि उन्होंने बेटी की हत्या कर दी।