मंदिर जा रहे युवकों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, एक की मौत
अहार । थाना क्षेत्र के गांव सिरौरा बांगर निवासी तीन युवकों को शनिवार सुबह मंदिर जाते समय बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जबकि, दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव सिरौरा बांगर निवासी हुकम सिंह पुत्र नौबत सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे उनका भतीजा सुनील पुत्र लाखन व उसके साथी श्याम पुत्र चंपत व विपिन पुत्र मनवीर गांव से अवंतिका देवी मंदिर जा रहे थे। बताया गया कि रास्ते में ही गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने तीनों युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीण व परिजन अनूपशहर सीएचसी लेकर पहुंचे। लेकिन, चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रुप से घायल अन्य दोनों युवकों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। युवक की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शौकेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।