भारी वाहनों के लिए खुलेगी एलिवेेटेड रोड, दो पहिया पर लगेगा प्रतिबंध
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा रोटरी से यूपी गेट तक बनी 10.30 किमी लंबी देश की सबसे लंबी एलिवेटेड रोड पर आने वाले महीनों में भारी वाहन दौड़ते नजर आएंगे। भारी वाहनों के शुरू होते ही एलिवेटेड रोड पर दो पहिया वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लग जाएगा। जीडीए यूपी गेट से डासना तक एक्सप्रेस-वे की शुरुआत होने पर एलिवेटेड रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर लगे प्रतिबंध को हटा सकता है।
दूसरी ओर भारी वाहन शुरू होने के बाद टोल लगाने के प्रस्ताव पर काम शुरू हो जाएगा। प्राधिकरण की योजना एलिवेटेड रोड के फर्स्ट फेज पर टोल लगाकर नोएडा के डीएनडी तक होने वाले विस्तार के प्रोजेक्ट के लिए फंड एकत्रित करने का है। दूसरी ओर सिंगल पिलर एलिवेटेड रोड की परियोजना पर जीडीए ने 1147.60 करोड़ रुपए खर्च किए थे। टोल के जरिए इस खर्च की वसूली हो सकेगी। वर्तमान में एलिवेटेड रोड पर केवल दो पहिया और चार पहिया वाहनों के संचालन की अनुमति है। दो पहिया वाहनों की रफ्तार 60 तो चार पहिया की गति 80 किमी निर्धारित है।
भारी वाहन एनएच-9 की ओर करते हैं रुख
वर्तमान में दिल्ली-मेरठ रोड पर लगने वाले जाम और एलिवेटेड रोड पर प्रतिबंध होने से अधिकांश भारी वाहन एनएच-9 या फिर ईस्टर्न पेरिफेरल-वे से होकर दिल्ली पहुंचते हैं। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ एक्सप्रेस-वे का काम तेज रफ्तार से जारी है। इसमें यूपी गेट से डासना तक करीब आठ लेन के 15 जून तक शुरू करने का एनएचएआई ने दावा किया है। एनएच-9 पर एक्सप्रेस-वे पर कई लेन के शुरू होते ही अधिकांश भारी वाहनों का दबाव उस पर हो जाएगा। बाकी दिल्ली-मेरठ हाइवे, राजनगर एक्सटेंशन या फिर मोदीनगर, मुरादनगर की ओर जाने वाले भारी वाहन एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल कर दिल्ली पहुंच सकेंगे।
सुरक्षा के मद्देनजर दो-पहिया पर रहेगा प्रतिबंध
एलिवेटेड रोड को भारी वाहनों के लिए खोले जाने की दशा में रोड पर दो पहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। जीडीए अधिकारियों ने दो पहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर बाइक -स्कूटर को प्रतिबंधित करने की योजना बनाई है।
कोट्स...
यूपी गेट से डासना तक एक्सप्रेस-वे शुरू होने के बाद एलिवेटेड रोड पर भारी वाहनों के प्रवेश संबंधी निर्णय लिया जाएगा। भारी वाहनों पर से प्रतिबंध हटने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर दो पहिया वाहनों के आवागमन को रोक दिया जाएगा। भारी वाहन शुरू होने के बाद टोल संबंधी निर्णय लिया जाएगा। - विवेकानंद सिंह, मुख्य अभियंता, जीडीए