एनएचएआई ने शिप्रा के पास खोला नया अंडरपास
साहिबाबाद। एनएचएआई की ओर से यूपी गेट से डासना के बीच एनएच-9 पर पहला अंडरपास खोल दिया गया है। इंदिरापुरम इलाके में शिप्रा मॉल के पास इस अंडरपास को खोला गया है। हालांकि अभी अंडरपास को पूरा करने के लिए काफी काम बाकी है। यातायात के दबाव को देखते हुए फिलहाल इस अंडरपास को खोला गया है। इससे इंदिरापुरम से नोएडा आने जाने वाले वाहन चालकों की एनएच को पार करने की परेशानी दूर हो गई।
एनएचएआई की ओर से एनएच-9 के चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। मेरठ एक्सप्रेस-वे के दूसरे चरण में यूपी गेट से डासना तक विभाग को जगह-जगह 19 अंडरपास बनाने हैं, जिनका काम तेजी से चल रहा है। एनएचएआई ने इंदिरापुरम से नोएडा को जाने वाले सभी पुराने अंडरपास को बंद कर दिया है। इससे नोएडा आने-जाने में वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी शिप्रा अंडरपास बंद होने से वाहन चालकों को हो रही थी। उन्हें लंबा चक्कर काटकर सेक्टर-62 के अंडरपास से होकर आना-जाना पड़ रहा था। वाहन चालकों को हो रही असुविधा को देखते हुए विभाग की ओर से शिप्रा अंडरपास के पास बनाए गए नए अंडरपास को खोल दिया गया है। अब इंदिरापुरम से जाने वाले वाहन चालक शिप्रा मॉल होते हुए पुराने अंडरपास के पास बने नए अंडरपास से निकलकर नोएडा में आईएमस कॉलेज के सामने निकल रहे हैं। हालांकि अभी अंडरपास पूरी तरह से तैयार नहीं है। बीच में सड़क भी नहीं बनी है। जिसका काम चल रहा है। जल्द ही यह काम भी पूरा कर लिया जाएगा। एनएचएआई के उपमहाप्रबंधक मुदित गर्ग ने बताया कि शिप्रा अंडरपास के पास नया अंडरपास फिलहाल खोल दिया गया है। जिससे इंदिरापुरम से नोएडा आने जाने में किसी तरह की परेशानी वाहन चालकों को नहीं हो। उन्होंने बताया कि यूपी गेट से छिजारसी कट के बीच दो और अंडरपास इसी माह खोल दिए जाएंगे।