लापता बेटे की मौत का 20 दिन बाद चला पता
साहिबाबाद। शहीद नगर से 14 जून को लापता हुए युवक के परिजनों को 20 दिन बाद उसकी मौत का पता चला। परिजन उससे तलाशते हुए थाना वेलकम पहुंचेे तो पता चला कि युवक का शव मिला था। पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया था। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
शहीद नगर में फिरोज (32) परिवार के साथ रहता था। वह भाई के साथ ही बैटरी की दुकान चलाता था। फिरोज 14 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने थाना साहिबाबाद में अपहरण की आशंका जता रिपोर्ट दर्ज कराई थी, तभी से पुलिस फिरोज की तलाश कर रही थी। युवक के परिजन बुधवार को फिरोज को तलाश हुए दिल्ली के थाना वेलकम में पहुंचे। उन्होंने युवक की फोटो पुलिस वालों को दिखाई तो पता चला कि 15 जून को युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे तक रखा लेकिन उसकी पहचान नहीं होने पर अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने कपड़े और सामान देखकर बेटे की पहचान की। शहीदनगर चौकी प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि दुल्ली पुलिस से पूछताछ में पता चला कि एक खाली प्लॉट में शव मिला था। मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले थे। सीओ डा. राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि फिरोज के लापता होने पर मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। दिल्ली पुलिस से अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है।