प्लास्टिक जप्त करती नगर निगम की टीम। स्रोत: नगर निगम
साहिबाबाद। नगर निगम और जीएसटी की संयुक्त टीम ने शनिवार को ट्रक में भरकर शहर लाई जा रही 10 टन सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की। वहीं ट्रक जिस गोदाम पर ले जाया जा रहा था, वहां पहुंचकर छापा मारा और 50 टन प्लास्टिक मौके से जब्त की। कार्रवाई मोहन नगर जोन में हुई। टीम ने गोदाम को सील कर दिया है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि बड़ी मात्रा में प्लास्टिक लाए जाने की सूचना मिली थी। टीम ने चेकिंग कर ट्रक को मोहन नगर में रोका और तलाशी ली। उसमें से 10 टन पॉलिथीन भरी मिली। पॉलिथीन को रेत मंडी प्लांट भेजा गया। इसके बाद टीम ने ट्रक से जुड़े गोदाम का भी पता लगाया। वह भी मोहन नगर में ही था, जहां पहुंचकर करीब 40 टन पॉलिथीन और पकड़ी। गोदाम को भी सील कर दिया गया। बताया कि प्लास्टिक उत्पादन, भंडारण और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।