महिला ने की आत्महत्या की कोशिश
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद से गुरुवार एक ऐसी खबर सामने आई है जो प्राइवेट स्कूलों और गाजियाबाद पुलिस की एक बदसूरत तस्वीर पेश करती है। दरअसल गाजियाबाद के सेंट मेरी स्कूल पर आरोप है कि वह कई महीनों से एक बच्चे के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है और जब उसकी मां ने इसकी शिकायत करनी चाही तो प्रिंसिपल तक नहीं पहुंच सकी।
गौरतलब है कि महिला ने आरोप लगाया है कि कई महीने से सेंट मेरी स्कूल में पढ़ने वाले उसके बच्चे के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। महिला का कहना है कि स्कूल में बच्चे उसके बेटे को मारते हैं। इस बात की शिकायत कई बार उसने की लेकिन आरोप है कि स्कूल ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया। जब उसने प्रिंसिपल से मिलना चाहा तो उसे मिलने नहीं दिया गया।
वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि महिला ने जब-जब शिकायत की उसका संज्ञान लिया गया। स्कूल का कहना है महिला का बच्चा भी काफी शरारती है। महिला ने स्कूल पर आरोप लगाया है कि बीते हफ्ते उसके बच्चे पर कम्पास से हमला कर दिया गया लेकिन स्कूल ने शिकायत के बाद भी कुछ नहीं किया। वहीं इस आरोप पर स्कूल का कहना है कि बच्चे ने किसी लड़की के बाल खींच लिए थे जिसके बाद उस पर किसी बच्चे ने कम्पास से हमला कर दिया। लेकिन इस पर कार्रवाई की गई थी।
महिला का आरोप है कि जब वह तमाम प्रयासों के बाद भी ऐसा नहीं कर सकी तो बुधवार(30 जनवरी) को उसने थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। इस पर थाना प्रभारी ने महिला से बदसलूकी कर डाली। स्कूल की ज्यादती और पुलिस की बदसलूकी से महिला इतनी आहत हुई कि उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने की ठान ली।
थाने से निकलकर वह घर पहुंची और जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि उसे बचा लिया गया और इस वक्त उसका इलाज सर्वोदय अस्पताल में चल रहा है।