जनपद के 606 आजमीनों की हज पर जाने की मुराद पूरी हो गई है। 26 अप्रैल को लखनऊ में हज यात्रा के लिए निकाली गई लाटरी में उनके नाम निकले हैं।
हज पर जाने वाले आजमीनों की सूची भी हज कमेटी की साइट पर अपलोड कर दी गई है। जिन लोगों के नाम लाटरी में निकले हैं, उन्हें 25 मई तक अपनी पहली किश्त (81 हजार रुपये) बैंक में जमा करानी होगी।
हज यात्रा के लिए चयनित आजमीन की सूची जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में भेज दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद कलीम ने बताया कि प्रदेश हज कमेटी की ओर से उन्हें जो सूची भेजी गई है, उनमें नाम पता और फोन नंबर भी शामिल है।
इसी सूची के जरिए आने वाले दिनों में संपर्क कर उन्हें प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हज यात्रा के लिए शामिल किए गए लोगों की सूची विभाग की साइट पर देखी जा सकती है।
साथ ही विभाग में आकर भी जानकारी की सकती है। बता दें कि जिले से करीब दो हजार से भी अधिक की संख्या में लोगों ने हज के लिए प्रदेश हज कमेटी में आवेदन किया था।
अलग से बनाई जाएगी बुजुर्गों की सूची
60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के नाम की सूची लाटरी के जरिए नहीं निकाली गई। मोहम्मद कलीम ने बताया कि अधिक से अधिक बुजुर्गों को चयनित किया जाएगा, ताकि वे हज से महरूम न रह जाएं। फिलहाल 606 लोगों में बुजुर्गों की सूची नहीं है, इनकी सूची बाद में भेजी जाएगी।