एनसीआरटीसी को रैपिड रेल कॉरिडोर में 17 किमी लंबे साहिबाबाद से दुहाई स्टेशन तक का सेक्शन मार्च 2023 तक शुरू करना है। इस सेक्शन में साहिबाबाद से दुहाई के बीच 200 पिलर्स की पाइलिंग का काम पूरा हो चुका है।
दुहाई से मोदीनगर के बीच सड़क को बीच-बीच में कवर कर निर्माण शुरू कर दिया गया है। मेरठ तिराहे पर बनने वाले प्रस्तावित जंक्शन पर काम तेज गति से जारी है। दूसरी ओर कई प्रमुख एचटी लाइन को शिफ्ट करने का काम पूरा हो चुका है। ट्रेन की बोगी को लेकर भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर टेंडर मांगने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
गाजियाबाद में होंगे कुल सात स्टेशन
एनसीआरटीसी को गाजियाबाद में प्रस्तावित सात स्टेशनों का निर्माण करीब 2.50 लाख वर्ग मीटर जमीन पर होगा। दुहाई में 32108 वर्ग मीटर, गुलधर में 27064 वर्ग मीटर, गाजियाबाद में 27719, साहिबाबाद में 34921 वर्ग मीटर, मुरादनगर में 38214 वर्ग मीटर, मोदीनगर साउथ में 45087 वर्ग मीटर और मोदीनगर नॉर्थ में 48887 वर्ग मीटर जमीन स्टेशन बनेंगे। एनसीआरटीसी को कुछ स्टेशनों की जमीन मिल गई है तो कुछ में जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया आखिरी चरण में है।