दिल्ली मेट्रो के फेज 3 के अंदर आने वाली गाजियाबाद मेट्रो का आज सुबह सफल ट्रायल रन हुआ। इसके लिए डीएमआरसी ने पत्रकारों को भी बुलाया था। ट्रायल रन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डीएमआरसी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने कहा कि डीएमआरसी की तरफ से गाजियाबाद मेट्रो स्टेशन रूट का काम पूरा कर लिया गया है।
गाजियाबाद में मेट्रो रूट की कुल लंबाई 9.63 किलोमीटर है। गाजियाबाद मेट्रो को रेड लाइन से जोड़ा गया है। दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा तक चलने वाली इस लाइन पर कुल स्टेशन होंगे।
इन स्टेशनों के नाम हैं- शहीद नगर, राजबाग, राजेंद्र नगर, श्याम पार्क, मोहन नगर, अर्थला, हिंडन रिवर स्टेशन और न्यू बस अड्डा।
रेड लाइन की दिलशाद गार्डन से लेकर रिठाला तक कुल लंबाई 25.09 किलोमीटर थी, जो गाजियाबाद के 8 स्टेशन खुल जाने से अब 34.72 किलोमीटर लंबी लाइन हो गई है।
अनुज दयाल ने कहा कि उद्घाटन की तारीख जीडीए द्वारा तय की जाएगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 25 फरवरी या उसके बाद कभी भी गाजियाबाद मेट्रो का उद्घाटन हो सकता है।
खासियत
डीएमआरसी की तरफ से गाजियाबाद में जो मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं, वह बाकी सभी मेट्रो स्टेशनों से काफी अलग है। डीएमआरसी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने बताया कि गाजियाबाद में बनाए गए मेट्रो स्टेशनों का जो प्लेटफॉर्म है, वह बीचों-बीच बनाया गया है। मेट्रो स्टेशन में प्रवेश के लिए रोड के दोनों तरफ रास्ता दिया गया है। सभी स्टेशनों में 4 फ्लोर होंगे। केवल हिंडन रिवर स्टेशन में पार्किंग के लिए लोअर बोतल सहित 5 फ्लोर हैं।
सभी स्टेशन पर प्लेटफार्म की लंबाई 185 मीटर है, ऊंचाई की बात करें तो लगभग 13.5 मीटर है
फेज 3 मेट्रो की कुल लंबाई की बात करें 136.62 किलोमीटर इसकी लंबाई हो चुकी है