सीबीएसई ने कश्मीर में बाढ़ प्रभावित स्कूलों के विद्यार्थियों के पिछड़े कोर्स को पूरा कराने का जिम्मा गाजियाबाद सहित देश के कुल चार स्कूलों के शिक्षकों को सौंपा है।
गाजियाबाद के डीपीएसजी के तीन शिक्षकों सहित देशभर के कुल नौ शिक्षक श्रीनगर के डीपीएस, आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं।
डीपीएसजी गाजियाबाद के तीन शिक्षक चार जनवरी को श्रीनगर रवाना होंगे। बोर्ड ने मैथ, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, एकाउंट, इकोनोमिक्स और बिजनेस स्टडीज के शिक्षकों को क्रेश कोर्स के जरिए विद्यार्थियों के पिछड़े कोर्स को पूरा कराने का जिम्मा सौंपा है।
श्रीनगर जाने वालों में डीपीएसजी गाजियाबाद, सालवान स्कूल दिल्ली, एसआरएन इंटरनेशनल स्कूल जयपुर और सत्य सांई स्कूल इंदौर के शिक्षक शामिल हैं।
डीपीएसजी के केमिस्ट्री के शिक्षक डॉ. वीएस फोगाट, फिजिक्स शिक्षक प्रशांत शर्मा और बायोलॉजी शिक्षिका अर्चना अवस्थी अभी श्रीनगर में तीन स्कूलों के बच्चों को पढ़ा रहे हैं।
अगले साल चार जनवरी को केमिस्ट्री शिक्षक अरिंदम गोस्वामी, एकाउंट्स शिक्षक स्टेनली पॉल और बिजनेस स्टडीज शिक्षक लक्ष्मण शर्मा श्रीनगर रवाना होंगे। डीपीएसजी प्रिंसिपल ज्योति गुप्ता ने बताया कि टास्क को सभी शिक्षक अच्छी तरह पूरा कर रहे हैं।