मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर लौट रही एक युवती के साथ कार सवार दो युवकों ने गैंगरेप किया और बेहोशी की हालत में गंगनहर पटरी पर फेंककर भाग गए। वारदात आठ नवंबर की है।
शिकायत के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रविवार को कोर्ट के आदेश पर मुरादनगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मोदीनगर कोतवाली अंतर्गत एक कॉलोनी की रहने वाली है। आठ नवंबर को वह मुरादनगर स्थित मननधाम मंदिर में प्रसाद चढ़ाने गई थी। प्रसाद चढ़ाने के बाद वह हाईवे किनारे खड़े होकर ऑटो का इंतजार कर रही थी।
इसी बीच वहां एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। कार में दो युवक सवार थे। एक युवक ने कार से उतरकर युवती को कागज दिखाते हुए मुरादनगर बस स्टैंड का पता पूछा। इसी बीच युवक ने जेब से स्प्रे निकालकर युवती की ओर स्प्रे कर दिया, जिससे युवती बेहोश हो गई।
दोनों युवक युवती को लेकर गंगनहर पटरी मार्ग पर पहुंचे और उसके साथ रेप किया। बाद में उसे बेहोश हालत में गंगनहर पटरी पर फेंककर भाग गए। पीड़िता ने होश में आने के बाद थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
इसके चलते पीड़िता ने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर रविवार को मुरादनगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज हुई है। युवती ने रिपोर्ट ने बताया कि वारदात के समय उसने पीछे बैठे युवक की जेब से एक कागज निकाल लिया था, जिस पर राहुल नाम लिखा था। इसी आधार पर रिपोर्ट में राहुल को नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे पर बढ़ी रही रेप की वारदातें
हाईवे पर कार में रेप की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही है। पिछले दिनों मुरादनगर क्षेत्र में ही एक महिला के साथ कार सवार व्यक्तियों ने गैंगरेप किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।