गुड़गांव की रेलवे रोड पर स्मूथ राइडिंग के लिए तैयार हो जाइए। जल्द ही यहां वाहन चालकों को आरामदायक सफर मिलने वाला है। नगर निगम की ओर से बाबा प्रकाशपुरी चौक से स्टेशन तक रोड की कारपेटिंग शुरू की जा रही है।
रेलवे रोड पर वाहनों के दबाव को देखते हुए करीब डेढ़ साल पहले इसके सुधार और चौड़ीकरण की योजना बनाई गई। रोड को छह लेन का किया जाना है। रोड पर अगले 10 सालों के हिसाब से वाहनों दबाव का आकलन किया गया है।
यह भी पढ़ें:21 मीटर ऊंचाई पर क्रॉसिंग से बनाया रिकॉर्ड
इसी लिहाज से करीब सवा दो किलोमीटर सड़क पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मौजूदा समय में यहां 15 से 20 हजार पेसेंजर केरिंग यूनिट (पीसीयू) दबाव है। आने वाले दस सालों में इसमें 38 फीसदी का अनुमान लगाया गया है।
करीब 14 महीने पहले इसका काम शुरू हुआ था, जो कई बार रुका। बार-बार काम रुकने से यहां वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। लंबे समय से यहां वाहन चालकों के लिए एक रोड की उपलब्ध थी। जिस कारण व्यस्त समय में यहां जाम की स्थिति बन रही थी।
निगम अधिकारियों के दबाव के बाद ठेकेदार ने रोड निर्माण का कार्य पुन: आरंभ कर दिया है। जिससे उम्मीद है कि जल्दी ही इस रोड पर वाहन चालकों को राहत मिलने वाली है।
यूं हुआ काम शुरू....
ठेकेदार की लापरवाही के चलते नगर निगम की ओर से उसे 30 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया गया। इस अल्टीमेटम में अगर 30 तारीख तक ठेकेदार ने काम में प्रगति नहीं दिखाई तो उस पर जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इस निर्धारित तिथि के बाद उसे एक महीने का और समय दिया जाएगा। यानी 31 मई तक बगैर पेनल्टी निर्माण करने का समय दिया जाएगा। अल्टीमेटम के बाद ठेकदार ने बुधवार से दोबारा काम आरंभ कर दिया है। निगम के एक्सईएन सीआर बिश्नोई ने बताया कि सेक्टर चार-सात चौक से बाबा प्रकाश पुरी चौक पर रोड के एक तरफ ग्रीन बेल्ट है। यहां से पेड़ हटाने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई है। जब तक अनुमति नहीं मिलती, तब तक ठेकदार को उसी दायरे में रोड का निर्माण करने को कहा गया है जिस दायरे में पहले से रोड़ बना है।