बिल्डर प्रोजेक्ट के सस्ते फ्लैट्स की स्कीम के सफल 1734 आवेदकों के लिए मंगलवार का दिन मंगलकारी साबित हुआ। जीडीए ने सस्ते फ्लैट्स के आवंटन (नंबर) ड्रा की शुरुआत करते हुए पहले चरण में 1734 ईडब्लूएस फ्लैट्स का ड्रा निकाला।
कविनगर सामुदायिक केंद्र में हुए ड्रा में बड़ी संख्या में आवेदक शामिल हुए। नंबर ड्रा की सूची बुधवार को जीडीए वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगी।
फिलहाल ड्रा स्थल पर सूची चस्पा कर दी गई है। अगले सप्ताह एलआईजी फ्लैट्स का ड्रा किया जा सकता है।
बिल्डर प्रोजेक्ट्स में सस्ते फ्लैट्स की योजना में शामिल 2500 ईडब्लूएस और 2500 एलआईजी फ्लैट्स के लिए लॉटरी ड्रा हुआ है।
जीडीए ने 3500 सफल आवेदकों के दस्तावेजों की जांच केबाद इनका आवंटन ड्रा शुरू किया है। बाकी बचे 1500 आवेदकों के लिए बाद में ड्रा निकाला जाएगा।
जीडीए ओएसडी दयानंद प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को 1734 ईडब्लूएस फ्लैट्स को आवंटन कर दिया गया है। ड्रा को दो दिन चलना था, लेकिन एक ही दिन में ड्रा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।