फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गौरव चंदेल हत्याकांड : इंस्पेक्टर मनोज पाठक पर गिरी गाज, हुए निलंबित

Fri, 10 Jan 2020 01:21 PM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नोएडा में सेल्स मैनेजर गौरव चंदेल हत्याकांड मामले में इंस्पेक्टर मनोज पाठक को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि गुरुग्राम से घर लौट रहे निजी कंपनी के सेल्स मैनेजर की नोएडा के हिंडन पुल स्टेडियम के पास बीते सोमवार रात बदमाशों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। अब पांच दिन बाद यूपी पुलिस के आईजी गौरव चंदेल के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे हैं।

विज्ञापन


बता दें कि इस मामले में गौरव का परिवार शुरू से ही पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहा है। गौरव के परिवार से मिलने के बाद मेरठ रेंज के आईजी आलोक ने कही ये बातें...

-आईजी ने कहा कि उन्होंने लगभग डेढ़ घंटे तक गौरव चंदेल के परिजनों से बात की और विस्तार से जाना कि उस दिन कैसे और क्या-क्या हुआ।
-आईजी आलोक ने बताया कि जांच में पुलिस के शुरुआती रिस्पॉन्स में कमी पाई गई है, उसमें शाम तक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-आईजी ने ये भी बताया कि उन्होंने गौरव के परिजनों को सुरक्षा के लिए गनर भी उपलब्ध कराया है।
-उन्होंने गौड़ सिटी के लोगों से भी बात की और उनकी परेशानियों को हल करने की बात कही।
-आईजी ने ये भी बताया कि परिवार में आर्थिक परेशानी है तो उस समस्या को भी आगे ले जाएंगे और उसका हल ढूंढने की कोशिश करेंगे।

गौरतलब है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पर्थला गोलचक्कर से एक किलोमीटर आगे व गौड़ गोल चक्कर से तीन सौ मीटर पहले सर्विस रोड के किनारे शव फेंककर फरार हो गए। बदमाश उनकी नई कार, नकदी, दो मोबाइल और लैपटॉप लूटकर ले गए। परिजनों ने मामले में फेज तीन थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन


पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज किया है मामला
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच में दो टीमों को लगाया गया है। मूलरूप से नजीराबाद थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी गौरव चंदेल (40)  ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी 5 एवेन्यू के आई-1272 में अपनी पत्नी प्रीति, बेटे आदित्य (11) व मां प्रेमलता के साथ रहते थे।

वह उद्योग विहार, गुरुग्राम फेज-4 स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी थ्रीएम इंडिया कंपनी में सेल्स मैनेजर थे। उनके पिता विजय सिंह का निधन हो चुका है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपनी नई कार सेल्टॉस से ऑफिस से घर के लिए निकले थे।

5 से 10 मिनट में घर पहुंचने की बात की थी और....
नोएडा में प्रवेश करने के बाद पत्नी प्रीती ने गौरव को रात करीब 10:30 बजे फोन किया। करीब दो मिनट तक बात हुई। गौरव ने अपनी लोकेशन पर्थला चौक बताते हुए कहा कि 5 से 10 मिनट में घर पहुंच जाऊंगा।

करीब आधे घंटा बीत गया, लेकिन गौरव घर नहीं पहुंचे। इसके बाद प्रीती ने दोबारा फोन किया, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ जाने लगा। प्रीती ने गौरव के दोस्त को फोन किया। उसने भी किसी तरह की जानकारी न होने की बात कही। इसके बाद परिजनों ने मिलकर गौरव की तलाश शुरू की।

जब पुलिस ने नहीं सुनी तो खुद तलाशी के लिए निकले परिजन

परिजन मुख्य सड़क पर गौरव की तलाश कर रहे थे। इस दौरान गढ़ी चौखंडी चौकी की पुलिस की गाड़ी मिली। उन्होंने पुलिस को गौरव के बारे में जानकारी दी, लेकिन गौरव नहीं मिला। परिजन गढ़ी चौखंडी चौकी पहुंचे।

यहां मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की गई। पहली लोकेशन पर्थला चौक से 12 किलोमीटर आगे रोजा जलालपुर के आसपास मिली। इसके बाद भी गौरव का पता नहीं चलने पर परिजन आसपास की चौकियों में भटकते रहे।

रात करीब 12:22 बजे बिसरख थाने पहुंचे और गौरव के लापता होने की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने तीन घंटे थाने में बैठाए रखा और वापस भेज दिया। सुबह करीब चार बजे परिजन फिर गौरव को ढूंढने निकले तो उन्हें हिंडन पुल स्टेडियम के पास गौरव का शव सर्विस रोड के किनारे पड़ा मिला।

परिजन शव यथार्थ अस्पताल ले गए। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची। बिसरख पुलिस ने अपने आलाधिकारियों को रात भर घटना से अवगत नहीं कराया। फिलहाल, पुलिस गौरव के फोन नंबर की सीडीआर खंगालने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास एक्टिव मोबाइल नंबरों का सर्विलांस की मदद से पता लगाने का प्रयास कर रही है। 
विज्ञापन

कार, बैग और मोबाइल लूटा

परिजनों ने बताया कि करीब एक महीने पहले गौरव ने नई कार सेल्टास खरीदी थी। हत्या करने के बाद बदमाश कार के साथ ही उनका बैग, लैपटॉप व दो मोबाइल लूट ले गए। पुलिस आसपास के हाईवे के टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के साथ वहां से गुजरने वाली गाड़ियों का विवरण भी जुटा रही है।

संगठित गिरोह पर शक
जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे पुलिस को शक है कि इसके पीछे संगठित गिरोह का हाथ है। पुलिस ने यूपी और हरियाणा के बार्डर के पास सक्रियता बढ़ाई है। आशंका है कि यहीं से जुड़े बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। साथ ही करीबियों व परिचितों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले दिन क्या बोली थी पुलिस
गौरव चंदेल हत्याकांड में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। प्राथमिक जांच में लूट के इरादे से हत्या प्रतीत हो रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों को लगाया गया है। वहीं, पुलिस पर आरोप के कारण बिसरख सीओ राजीव कुमार सिंह को लापरवाही की जांच सौंपी गई है।- वैभव कृष्ण, एसएसपी गौतमबुद्धनगर

गौरव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है। उसके सिर में पीछे से गोली मारी गई है। गोली उसके सिर में फंस गई थी। वारदात के दौरान उससे हाथापाई हुई या नहीं इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।- डॉ. अनुराग भार्गव, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें