हापुड़ जिले में रेलवे में तैनात गेटमैन की बुखार के कारण मौत हो गई। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) के पदाधिकारी और सदस्यों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए रेलवे अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सदस्यों ने मामले में आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, रेलवे में तैनात गेटमैन लुकरान को दो दिन पहले बुखार आया था, जिन्हें रेलवे के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे अस्पताल पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इनका आरोप था कि चिकित्सक और फार्मेसिस्ट की लापरवाही से उसकी मृत्यु हो गई है।
पदाधिकारियों ने बताया कि लुकमान की तबीयत बुखार होने के कारण काफी खराब हो गई थी, जिसका उपचार कराने के लिए वह रेलवे अस्पताल पर पहुंचा था, लेकिन वहां उसे परेशान किया गया। अत्याधिक तबीयत खराब होने पर उसे आनन-फानन में पिलखुवा के रामा अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। 24 मार्च को उसकी मृत्यु हो गई। इस दौरान अस्पताल में अफरा तफरी मची रही।
रेलवे अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पी. सिंह ने बताया कि आरोप निराधार है। इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है। इस अवसर पर उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा अध्यक्ष संजीव शर्मा, शाखा सचिव दीपक कश्यप, केदार मीना, प्रमोद कुमार, शोभित सैनी, शेखर, अनिल गौतम, अनुज यादव मौजूद थे।