नई व्यवस्था में बगैर ‘पहल’ फार्म भरे उपभोक्ताओं को घरेलू गैस के सिलेंडर नहीं मिलेंगे। इस बारे में बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन की ओर से आदेश जारी किया गया है। बताया गया कि गैस कनेक्शन बैंक खाते से जुड़वाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या राष्ट्रीय तथा प्रदेश की औसत से बहुत कम है।
गैस कनेक्शन को बैंक खाते से लिंक करने को लेकर पैट्रोलियम मंत्रालय के निदेशक गिरीश दुआ ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से प्रगति का जायजा लिया। उनके साथ हिंदुस्तान पैट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के राजेश तथा भारत पैट्रोलियम कारर्पारेशन के सौरभ भी थे।
प्रशासन ने बताया कि अभी तक गैस कनेक्शन बैंक खाते से लिंक करवाने वाले उपभोक्ताओं का राष्ट्रीय स्तर पर औसत 68 है, जबकि हरियाणा में 62 प्रतिशत है। इसके विपरीत गुड़गांव जिला में अभी तक 51.45 प्रतिशत उपभोक्ताआें ने ही अपने गैस कनेक्शन बैंक खाते से लिंक करवाए हैं।
23 फरवरी तक 80 प्रतिशत उपभोक्ताआें को पहल योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। लिंक नहीं करने वालों को 31 मार्च के बाद गैस सबसिडी का लाभ नहीं मिलेगा।