पुलिस व सीआरटी टीम को पिछले कई दिनों से मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले बदमाशों के बारे में इनपुट मिल रहा था। इसके बाद पुलिस व सीआरटी की टीम ने गुरुवार को मोबाइल टावरों से आरआरयू, बैटरी व अन्य सामान चोरी करने वाले तीन आरोपियों को दबोच लिया। इनकी पहचान नंदग्राम गाजियाबाद निवासी नितिन कुमार, निवाड़ी गाजियाबाद निवासी आकाश और मोदीनगर निवासी सागर के रूप में हुई है।
डीसीपी क्राइम शक्तिमोहन अवस्थी का कहना है कि ये बदमाश गाड़ी में सवार होकर दिन में निकलते हैं और मोबाइल टावरों के पास जाकर रेकी करते हैं। इसके बाद रात के समय फिर से मोबाइल टावर पर आते हैं और आरआरयू व कीमती उपकरण चुराकर भाग जाते हैं। इसके बाद इन कीमती उपकरणों को कबाड़ियों को बेच देते हैं। बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि इन लोगों ने नोएडा के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र से लेकर कई अन्य राज्यों में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश नितिन के खिलाफ सात, आकाश व सागर के खिलाफ एक एक मुकदमा दर्ज है।