दिल्ली-एनसीआर से वाहन चोरी कर दक्षिण में बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश है। हबीब की निशानदेही पर मध्य जिला पुलिस ने पांच लग्जरी कारें बरामद की हैं। आरोपी कुछ दिन में 100 से अधिक गाड़ियां दक्षिण भारत ले जा चुका है।
मध्य जिले के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने दिल्ली-एनसीआर से चोरी की लग्जरी गाड़ियां दक्षिण भारतीय राज्यों में ले जाकर बेचने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
आरोपी की पहचान चेन्नई, तमिलनाडु निवासी हबीब आर के रूप में हुई है। चोरी की गाड़ियों का सौदा करने के लिए हबीब हवाई जहाज से दिल्ली आता था। गाड़ियां देखने के बाद उनकी रकम दिल्ली में मेरठ के कुख्यात वाहन चोर दानिश को चुका दी जाती थी।
बाद में चोरी की गाड़ियों को कंटेनरों में लदवाकर ग्वालियर भेज दिया जाता था। वहां हबीब इन गाड़ियों की डिलीवरी लेकर इनको आगे सड़क मार्ग से कंटेनर में ही लदवाकर दक्षिण भारतीय राज्यों में ले जाता था। बाद में इन गाड़ियों की चेसिस और इंजन नंबर बदलकर उनको बेच दिया जाता था।
विज्ञापन
पुलिस को गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश है। हबीब की निशानदेही पर मध्य जिला पुलिस ने पांच लग्जरी कारें बरामद की हैं। आरोपी कुछ दिन में 100 से अधिक गाड़ियां दक्षिण भारत ले जा चुका है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि काफी समय से जिले का एएटीएस वाहन चोरी करने वाले गिरोह की जानकारी जुटाने में लगा है। इस बीच एएटीएस इंचार्ज एसआई अखिल चौधरी, एसआई रवि चौधरी व अन्य की टीम को सूचना मिली कि हबीब नामक दक्षिण भारतीय वाहन चोर गाड़ियों की सौदेबाजी के लिए मध्य प्रदेश स्थित ग्वालियर के पटेल ढाबा, मेहरा टोल प्लाजा के पास आने वाला है। फौरन एक टीम को ग्वालियर भेजा गया। आरोपी को दबोच लिया गया। उसके पास से एक कार की चाबी मिली।
पूछताछ के दौरान आरोपी हबीब ने बताया कि चाबी दिल्ली के दरियागंज में खड़ी एक कार की है। इस गाड़ी को उसने दानिश को दो लाख रुपये देकर खरीदा है। फौरन दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी को लेकर दिल्ली पहुंची। बाद में उसकी निशानदेही पर कार को बरामद कर गया। गाड़ी आनंद विहार इलाके से चोरी की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने जनवरी के आखिरी सप्ताह में एक गाड़ी 80 हजार में दानिश से खरीदी थी, वह दिल्ली में माता सुंदरी रोड पर खड़ी है। यह गाड़ी पटेल नगर से चोरी की गई थी। बाद में इसकी निशानदेही पर तीन और गाड़ियां बरामद की गईं। आरोपी ने बताया कि वह इन गाड़ियों को ले जाकर दक्षिण भारत में वासन नामक व्यक्ति को बेच देता है।
द्वारका जिला पुलिस ने एक ऐसे मैकेनिक को गिरफ्तार किया है, जो दोपहिया वाहनों की चोरी करवाने के बाद उसे खरीदकर पुर्जे को बेच देता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक नाबालिग समेत दो वाहन चोर और एक खरीदार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 11 दोपहिया वाहन और दो इंजन बरामद किए हैं। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी से 12 मामले सुलझाने का दावा किया है।