-द्वारका जिला पुलिस ने सात नाबालिग आरोपियों को पकड़ा, तीन बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
द्वारका जिला पुलिस ने नाबालिगों के एक ऐसे गैंग को पकड़ा है, जो हिल स्टेशन पर जन्मदिन मनाने के लिए लूटपाट और चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने गैंग के सात नाबालिगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से पुलिस ने तीन बाइक बरामद की है। पुलिस ने करीब दस किलोमीटर तक लगे पांच सौ कैमरों की फुटेज की जांच कर वारदात में शामिल नाबालिगों की पहचान की। जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 15 मार्च को द्वारका नार्थ थाना पुलिस को लूटपाट की शिकायत मिली।
शिकायतकर्ता मोहन गार्डन निवासी 22 साल के निखिल ने पुलिस को बताया कि वह अपने भतीजे के साथ पेट्रोल भरवाने के बाद ककरोला नाला रोड से जा रहा था। जहां दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने चाकू दिखाकर धमकाया और मारपीट करने के बाद बाइक और दो हजार रुपये लूटकर भाग गए। शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। निरीक्षक कमलेश कुमार ने सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पुलिस ने वारदात में शामिल छह बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ा। इनके कब्जे से पुलिस ने लूटी गई दो बाइक बरामद की।