निरोगी काया के लिए योग का लोहा मानते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इसे लोगों ने अपनाया। 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर योग से निरोग होने को घरों से निकलकर पार्क व सोसायटी में हजारों लोगों ने आसन व प्राणायाम किए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गाजियाबाद में बड़े स्तर पर योग शिविर आयोजित हुए। इसके साथ ही हर गली मोहल्ले के पार्कों में योग की चटाइयां बिछीं।
खास बात यह रही कि भले ही दिल्ली राजपथ पर विरोध की वजह से सूर्य नमस्कार को योग में शामिल नहीं किया गया, मगर गाजियाबाद में प्रत्येक योग शिविर में सूर्य नमस्कार को प्रमुखता से किया गया।
योग के प्रति लोगों की दीवानगी ऐसी दिखी कि जो लोग पार्क में न जा सके उन्होंने टीवी पर लाइव शो देखते हुए योग किया। शहर में योग का सबसे बड़ा कार्यक्रम अखिल भारतीय योग संस्थान द्वारा कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित किया गया।
तीन दिनों से चल रहा योग शिविर रविवार को संपन्न हुआ। ऋषिकेश से आए आचार्य नीरज योगी ने साधकों को सभी आसन व प्राणायाम कराए।
सांसद एवं केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह, गुरु पवन सिन्हा, जीडीए अध्यक्ष संतोष यादव, पूर्व विधायक नरेंद्र शिशोदिया, देवेंद्र हितकारी आदि ने सैकड़ों लोगों के साथ मिलकर योग किया।
गाजियाबाद रनर्स एसोसिएशन द्वारा सेंट्रल पार्क राजनगर में सूर्य नमस्कार चैलेंज कंप्टीशन रखा गया। एसोसिएशन के डायरेक्टर शक्ति राठौर ने बताया कि प्रत्येक उम्र वर्ग के लोगों के बीच सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता हुई।
लड़कियों में राजनगर की झंकार, लड़कों में मनीश त्यागी, पुरुष वर्ग में उत्तम सोलंकी, महिला वर्ग में अनु गुप्ता व कामेश्वर राव ने बाजी मारी।
गाजियाबाद बार एसोसिएशन ट्रेड टैक्स के तत्वावधान में सेक्टर 23, संजय नगर स्थित शिल्प उद्यान में योगा दिवस मनाया गया।
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा मनोहारी विद्यामंदिर में अनुयायियों को योग एक्सपर्ट गीता सक्सेना ने योग कराया।
शिविर में मौजूद साध्वी श्वेता भारती ने कहा कि पतंजलि योग सूत्र के मुताबिक योग की पराकाष्ठा समाधि है। इस मौके पर साध्वी कादंबरी, डा. आभा त्यागी के साथ बड़ी संख्या में स्वयं सेवकों ने योग किया।
भारतीय योग संस्थान द्वारा नेहरू नगर नगर होली चाइल्ड चौराहा शिव मंदिर के पार्क में सोसायटी की महिलाओं और बच्चों को योग कराया।
योग शिविर में नेहरू नगर, अशोक नगर व गांधीनगर के करीब 80 लोग योग में शामिल हुए। योग का प्रशिक्षण अलका बाथला, माला चौधरी और रंजीता ने दिया।
नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) ने बटालियन में विश्व योग दिवस मनाया गया। बटालियन से दिल्ली के नेहरू पार्क में 50 जवानों की एक टीम योग करने पहुंची।
इसमें एनडीआरएफ के डीजी ओपी सिंह, आईडी संदीप राय राठौर और डीआईजी रणदीप राणा, एसएस गुलेरिया के साथ जवानों ने योग किया। एनडीआरएफ की गाजियाबाद स्थित बटालियन में 350 से अधिक जवानों ने एक साथ योग किया।
एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट वीके देवरा ने जवानों को अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए कहा। इंस्पेक्टर सुधाकर शिंदे ने जवानों को योग कराया।
विभिन्न शैक्षिक संस्थानों और सोसायटी में मना योग दिवस
करहेड़ा प्राथमिक विद्यालय में पीटीआई शिक्षक राजकुमार द्वारा बच्चों को योग कराया गया। दूसरी ओर महर्षि दयानंद इंटर कालेज में भी योग का शिविर लगा।
अखिल भारतीय योग संस्थान की शिक्षक प्रमिला सिंह ने स्कूल के बच्चों व गोविंदपुरम के निवासियों को योग कराया। इस मौके पर विद्यालय संरक्षक व पूर्व शिक्षा मंत्री बालेश्वर त्यागी, स्कूल की प्रिंसिपल सीमा सेठी आदि मौजूद रहे।