जेद्दा जाने से पहले पकड़ा गया अफगानी नागरिक, भारतीय पासपोर्ट समेत कई फर्जी दस्तावेज बरामद
राजीव कुमार
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर एक अफगानी नागरिक के पकड़े जाने से फर्जीवाड़ा सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। अफगानी नागरिक ने फर्जी तरीके से भारतीय राशन कार्ड से लेकर आधार कार्ड तक बनवा लिया और इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट हासिल कर जेद्दा जाने की कोशिश कर रहा था। एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार एक जुलाई को मोहम्मद बरत एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2255 से जेद्दा जाने के लिए आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचा। इमिग्रेशन अधिकारी ने उसके दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उसने खुद को असम के गुवाहाटी का निवासी बताया था। पूछताछ के दौरान उसके भारतीय पासपोर्ट पर संदेह होने पर अधिकारी ने विस्तार से जांच पड़ताल की। उसके मोबाइल की जांच के दौरान उसके पास से अफगानी पासपोर्ट मिले, जिससे पता चला कि आरोपी यात्री अफगानी नागरिक है।
पासपोर्ट की जांंच में पता चला कि वह पहले मोहम्मद मूसा और अफगान मोहम्मद अनवर के नाम से दो बार अलग-अलग अफगान पासपोर्ट के जरिए भारत आ चुका था। नागरिक ने बताया कि वह असम में कुछ लोगों की मदद से धोखाधड़ी कर भारतीय नागरिकता संबंधी दस्तावेज तैयार कर भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारतीय पहचान से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद हुए। इनमें राशन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा भारतीय स्टेट बैंक की पासबुक शामिल है। पुलिस ने इमिग्रेशन अधिकारी की शिकायत पर फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है। आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि जांच में पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी ने भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज किन माध्यमों से और किसकी मदद से हासिल किए। इस फर्जीवाड़े में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।