देश की आजादी के लिए फांसी पर झूलने वाले प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी राजा नाहर सिंह के स्मारक को कुछ शरारती तत्वों ने रविवार को तोड़ दिया।
इस मामले पर वीर शहीद सम्मान समिति के सदस्यों व सैकड़ों लोगों ने रोष जताया है। यह स्मारक बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह पार्क में बना हुआ है। समिति के सदस्यों ने पुलिस से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि प्रशासन के लापरवाह रवैये के खिलाफ मंगलवार को लोग पार्क में धरने पर बैठ गए।
समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने बताया कि नाहर सिंह पार्क में यह स्मारक शहीद नाहर सिंह के सम्मान में 1970 के दशक में बनवाया गया था। स्मारक पर 1857 के शहीदों को नमन करने के लिए स्मृति पत्थर लगवाया गया है।
यह भी पढ़ें: एक्सीडेंट या सुसाइडः 2 महिलाएं और 2 युवक मरे
रविवार को किसी ने स्मारक को क्षतिग्रस्त कर दिया। समिति के कोषाध्यक्ष अश्विनी कौशिक ने कहा कि यह स्मारक न सिर्फ बल्लभगढ़, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का प्रतीक है।
समाजसेवी नरेंद्र कुमार ने कहा कि शहीदों के स्मारक को तोड़ना लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचना है। उन्होंने कहा कि पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।
नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में बल्लभगढ़ के एसडीएम मुकुल शर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने चुनाव में व्यस्त होने का बहाना बनाकर अपना पल्ला झाड़ दिया।
उपायुक्त विजय सिंह दहिया ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसडीएम के बल्लभगढ़ को निर्देश दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।