बंगलूरू के लिए फ्लाइट बुकिंग करने के नाम पर एक महिला डॉक्टर के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-39 निवासी डॉ. जया जैन सेक्टर-38 के मेदांता अस्पताल में कार्यरत हैं।
उन्हें बंगलूरू में 21 अप्रैल को एक क़ॉन्फ्रेंस में शामिल होना था। उन्होंने मार्च महीने में सुलेखा ऐप के जरिए सूर्या ट्रेवल्स से फ्लाइट का टिकट बुक कराया। ट्रेवल संचालक अमित कुमार ने उनसे 25 हजार रुपये मांगे। ये रुपये उन्होंने उसके खाते में ट्रांसफर किए थे।
रुपये लेने पर उसने टिकट भी भेज दिया था। यात्रा के दिन वह एयरपोर्ट पहुंचीं तो पता लगा कि पेमेंट न होने के कारण टिकट रद्द कर दिया गया है। उन्होंने इसकी शिकायत सुलेखा ऐप पर की। वहां से ट्रेवल संचालक का पुणे का एड्रेस मिला, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।