बाबा हरिदास नगर स्थित एक फार्महाउस से जालसाज क्रेडिट कार्ड पर रिवार्ड जीतने का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। द्वारका पुलिस ने सूचना के आधार पर फार्महाउस में दबिश देकर सरगना समेत छह आरोपियों को पकड़ा है। वहीं, फार्महाउस के मालिक समेत फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस ने फार्महाउस से काफी संख्या में मोबाइल फोन, रजिस्टर सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि ठगी के मामले में फार्महाउस के मालिक और उसके एक सहयोगी की संलिप्तता सामने आई है। बाबा हरिदास नगर थाने की पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस पूछताछ के जरिये इस धंधे में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। द्वारका जिला पुलिस को 19 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि झरौंदा कलां स्थित एक फार्म हाउस में साहिल नाम का युवक कुछ लोगों के साथ मिलकर ठगी को अंजाम दे रहा है। सूचना मिलते ही जिले की नारकोटिक्स सेल की एक टीम गठित की गई। टीम ने फार्महाउस पर दबिश दी। एक कमरे में तीन महिला और दो युवक मौजूद थे। टेबल पर कई फोन और रजिस्टर रखे हुए थे। पुलिस ने समान बरामद कर सभी को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जो लोग नए क्रेडिट कार्ड बनाते हैं, उनको फोन कर वह खुद को बैंक कर्मचारी बताते हैं। उन्हें क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी देते हैं। फिर उन्हें कार्ड पर रिवार्ड प्वाइंट जीतने का लालच देते हैं। उनसे उनका कार्ड का नंबर, सीवीवी नंबर, कार्ड की अवधि समाप्त होने की तारीख ले लेते हैं। फिर उनसे ओटीपी मांग कर एक एप के जरिए पैसे ट्रांसफर कर लेते हैं। उसके बाद ग्राहकों का नंबर ब्लॉक कर देते हैं।
पूछताछ में सरगना के फार्म हाउस में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर आरोपी को छत से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान ककरौला निवासी साहिल के रूप में हुई। साहिल ने पूछताछ में बताया कि वह फार्महाउस के मालिक और उसके एक सहयोगी के साथ ठगी का गैंग चलाता है। जबकि एक व्यक्ति उन्हें क्रेडिट कार्ड लेने वालों की जानकारी मुहैया करता है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।