पुलिस ने चार को दबोचा
इनमें दो डिलीवरी ब्वॉय हैं जबकि कौशल कुमार मैनेजर व दुर्गेश कैशियर है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 4.93 लाख रुपये बरामद किए हैं। दरअसल कंपनी के कुल कैश से दो लाख रुपये घट रहे थे। उनकी पूर्ति करने के लिए कौशल ने बाकी कर्मचारियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
खिलौना पिस्टल से दिया वारदात को अंजाम
वारदात को अंजाम देने के लिए 1600 रुपये में दो खिलौना पिस्टल का इंतजाम किया गया। पुलिस ने दोनों खिलौना पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल बाइक व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। इनमें से किसी का भी पुरानी रिकॉर्ड नहीं मिला है।
कंपनी में हथियारबंद बदमाशों ने की थी लूट
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि नौ जून आधी रात को बाल उद्यान रोड, उत्तम नगर इलाके में कूरियर कंपनी के दफ्तर में हथियारबंद बदमाशों ने लूट की थी। नकाबपोश और हेलमेल लगाए बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर वहां से करीब सात लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात के समय कंपनी का कैशियर दुर्गेश कुमार और कर्मचारी रामेंद्र यादव मौजूद थे।
पूछताछ में खोले सारे राज
पूछताछ के दौरान कौशल ने बताया कि कूरियर कंपनी के खाते से दो लाख रुपये कम हो रहा था। यह उसकी जिम्मेदारी थी। इसलिए उसने बाकी लोगों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए शिव शक्ति मार्ग से दो खिलौना पिस्टल खरीदी गई। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया।