केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन
- फोटो : ANI
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को जानकारी दी कि एम्स में पत्रकार खुदकुशी मामले में चार सदस्यीय जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। कमेटी को पत्रकार द्वारा की गई आत्महत्या की मंशा और कुछ अन्य संदिग्ध होने की जानकारी नहीं मिली है। कमेटी ने रिपोर्ट में कहा कि उनके कोरोना उपचार प्रोटोकॉल में भी कोई कमी नहीं पाई गई है।
इसी के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने एम्स ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल बदलने का आदेश दिया है। साथ ही निर्देश दिया कि एम्स के साथ-साथ जेपीएनएटीसी (ट्रॉमा सेंटर) के लिए प्रशासन में उपयुक्त बदलाव का सुझाव देने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया जाए। इसकी रिपोर्ट सिफारिशों के साथ 27 जुलाई तक प्रस्तुत की जाए।
बता दें कि कोरोना संक्रमित पत्रकार ने सोमवार दोपहर को एम्स के ट्रॉमा सेंटर की चौथी मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली थी। पत्रकार की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें वायरल हो रही थीं। इनमें एम्स प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था।
इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मामले में एम्स निदेशक को तुरंत इस घटना की आधिकारिक जांच करने का आदेश दिया था। जिसके बाद उन्होंने उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया था।
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी थी कि पत्रकार सोमवार दोपहर को चौथी मंजिल पर टीसी-1 वार्ड से भागने लगा। नर्सिंग अर्दली पकड़ने के लिए उसके पीछे भागे। वह पकड़ पाते, उससे पहले ही उसने शीशा तोड़ा और चौथी मंजिल से कूद गया। लहूलुहान अवस्था में पत्रकार को आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सफदरजंग एंक्लेव थाना पुलिस जांच कर रही है।